पूर्व राज्यपाल बलिराम भगत पंचतत्व में विलीन

03/01/2011 19:53

 जयपुर/पटना। पूर्व राज्यपाल बलिराम भगत का आज पटना में अंतिम संस्कार किया गया। भगत का  89 की उम्र में रविवार को नई दिल्ली के अपोलो अस्पताल में निधन हो गया था। वे किडनी व लीवर की बीमारी से ग्रस्त थे। बलिराम भगत का पार्थिव शरीर आज सुबह पटना लाया गया जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने श्रद्धांजलि दी।

उल्लेखनीय है कि भगत का शव आज सुबह दिल्ली से संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस से पटना लाया गया। पटना जंक्शन पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री डा. जगन्नाथ मिश्र समेत विभिन्न दलों के नेताओं ने भगत के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हे श्रद्धांजलि दी।

कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी प्रेम चंद्र मिश्रा ने यहां बताया कि उनका पार्थिव शरीर को पटना सिटी के मेहदीगंज स्थित उनके आवास पर लोगों के दर्शानार्थ रखा गया। इसके बाद शव को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम अंतिम दर्शन के लिए लाया गया। भगत का अंतिम संस्कार पटना के गंगा नदी के किनारे गुलबी घाट पर हुआ।

राज्य सरकार ने रविवार से दो दिन का राजकीय शोक व सोमवार को राजकीय अवकाश घोषित किया है। राज्य सरकार के कार्यालय व राजस्थान वि.वि. नहीं खुलेंगे। हालांकि परीक्षाएं यथावत रहेंगी।        


 सरकारी स्कूलों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा तथा आरएएस की मुख्य परीक्षा सोमवार को होगी। राजस्थान विश्वविद्यालय में छुट्टी रहेगी। अदालतों में अवकाश नहीं रहेगा। सीएमओ में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की अध्यक्षता में मंत्रिमण्डल की बैठक में भगत को श्रद्धांजति दी गई और सरकारी अवकाश का निर्णय लिया गया। शोक के कारण मुख्यमंत्री रविवार को किसी कार्यक्रम में शरीक नहीं हुए और जोधपुर दौरा रद्द कर दिया। 

 1993 से 1998 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे भगत के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व एक बेटी है। भगत पांचवीं लोकसभा में अध्यक्ष भी रहे। केंद्र में रक्षा, वित्त तथा विदेश सरीखे मंत्रालय संभाल चुके भगत कुछ समय के लिए हिमाचलप्रदेश के राज्यपाल भी रहे। गहलोत समेत विभिन्न हस्तियों ने भगत के निधन पर शोक जताया। ये निजी स्कूल रहेंगे बंद-सेंट जेवियर, स्टेप बाई स्टेप की सभी शाखाएं, ज्ञान विहार संस्था, सुबोध पब्लिक स्कूल रामबाग, महावीर सीनियर सेकंडरी, महावीर पब्लिक स्कूल व सोफिया स्कूल।

 

 

—————

Back


© 2011All rights reserved for Dwarkeshvyas